सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

सरफराज या जुरेल

गॉल। श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम की प्लेइंग 11 को लेकर बहस तेज हो गई है। चोटिल साई सुदर्शन की जगह टीम में शामिल किए गए सरफराज खान और युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल के बीच नंबर 6 पर खेलने को लेकर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखी जा रही है। जहां कई फैंस सरफराज को मौका देने के पक्ष में हैं, वहीं पूर्व भारतीय स्पिनर मुरली कार्तिक ने टीम कॉम्बिनेशन पर अपनी स्पष्ट राय दी है।

मुरली कार्तिक ने कहा कि टीम में स्थिरता और खिलाड़ियों को सुरक्षा की भावना देना बेहद जरूरी है। कार्तिक के अनुसार, भले ही सरफराज खान ने कुछ गलत नहीं किया है और वे स्पिन के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाज हैं, लेकिन वे एक रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में आए हैं। इसलिए मेरी नजर में सरफराज खान की जगह ध्रुव जुरेल को प्लेइंग 11 में शामिल किया जाना चाहिए।

कार्तिक का मानना है कि हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल जो टीम कल्चर बना रहे हैं, उसमें निरंतरता और स्पष्ट संवाद (कम्युनिकेशन) सबसे अहम है। जब कोई खिलाड़ी रिप्लेसमेंट के रूप में आता है, तो पहले से तय योजना में शामिल खिलाड़ी को हटाना टीम के मनोबल पर असर डाल सकता है। जुरेल ने अपने हालिया लाल गेंद के प्रदर्शन से अपने संयम और क्षमता का लोहा मनवाया है, जो टीम को संतुलन प्रदान करता है।

त्रषभ पंत के मुख्य विकेटकीपर के रूप में खेलने के बावजूद, ध्रुव जुरेल टीम को एक अतिरिक्त विकल्प और गहराई देते हैं। हालांकि स्पिन प्रेंडली पिचों पर सरफराज खान के स्वीप शॉट्स और फुटवर्क का मुकाबला करना किसी भी विरोधी के लिए आसान नहीं है, लेकिन जुरेल को मौका देना टीम के संतुलन और खिलाड़ियों के आत्मविश्वास दोनों के लिहाज से बेहतर विकल्प साबित होगा।