सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

सवा लाख की एमडी ड्रग्स के साथ सुखलिया का युवक गिरफ्तार

शहर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने एमआर-10 ब्रिज के पास टंट्याा मामा भील टर्मिनल के समीप घेराबंदी कर 12 ग्राम अवैध एम.डी. ड्रग्स के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई एम.डी. ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम गश्त और पतारसी के दौरान एमआर-10 ब्रिज के नीचे टंट्याा मामा भील टर्मिनल के पास मौजूद थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक कंधे पर नीले रंग का पिट्ठू बैग टांगे सड़क किनारे अंधेरे में अकेला बैठा दिखाई दिया।

पुलिस टीम ने जब उससे वहां बैठने का कारण पूछा, तो वह घबराकर हड़बड़ाने लगा। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अमित वर्मा निवासी सुखलिया बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के बैग की बाहरी जेब से 12 ग्राम अवैध एम.डी. ड्रग्स बरामद हुआ।

उक्त मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस न होने पर पुलिस ने उसे जब्त कर लिया। थाना क्राइम ब्रांच में एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया आरोपी 12 वीं तक शिक्षित है और कटलरी का काम करता है, जिसके खिलाफ पूर्व में जुआ एक्ट और मारपीट के मामले भी दर्ज हैं। पुलिस अब उससे नशे के इस नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।