ऐप डाउनलोड कराकर हैक किया फोन, प्रॉपर्टी ब्रोकर के खाते से उड़ाए 4 लाख
इंदौर। मल्हारगंज थाना क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी ब्रोकर को जालसाजों ने नया क्रेडिट कार्ड जारी करने और बेहतर सिबिल स्कोर का झांसा देकर पीड़ित का मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के बैंक खाते में सेंधमारी करते हुए 4 लाख 46 हजार रुपये की रकम पार कर दी।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मल्हारगंज थाना क्षेत्र निवासी प्रॉपर्टी ब्रोकर अमित धूत की शिकायत पर ठगी का केस दर्ज किया गया है। फरियादी अमित ने पुलिस को बताया कि बीती 6 अगस्त को उनके पास दो अलग- अलग अज्ञात नंबरों से कॉल आए थे।
फोन करने वालों ने खुद को एक नामचीन बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग का प्रतिनिधि बताया। शातिर ठगों ने अमित को बातों में फंसाते हुए कहा कि उनका सिबिल स्कोर बहुत शानदार है, जिसके आधार पर उन्हें आसानी से नया क्रेडिट कार्ड जारी किया जा सकता है। बातचीत के दौरान आरोपियों ने झांसा देकर अमित की जन्मतिथि और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां जुटा लीं।
इसके बाद ठगों ने वॉट्सऐप के जरिए संपर्क साधा और प्ले स्टोर से बैंक के नाम से मिलती-जुलती एक फर्जी ऐप डाउनलोड कराकर उसमें डिटेल्स भरने को कहा। जैसे ही अमित ने ऐप में जानकारी दर्ज की, आरोपियों ने जल्द कार्ड डिलीवर होने का भरोसा दिया। इसके कुछ ही देर बाद पीड़ित का मोबाइल फोन हैक हो गया और उनके बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में 4लाख 46 हजार रुपये कटने के मैसेज आ गए।
