बाणेश्वर महादेव का भ्रमण के दौरान 200 मंचों से होगा स्वागत
लावाजमे के साथ निकलेगी शाही सवारी तैयारियों को लेकर बैठक का दौर
श्री बाणेश्वर महादेव मंदिर धार्मिक, पारमार्थिक एवं सार्वजनिक न्यास तथा यात्रा प्रमुख प्रदीप यादव दीपू ने बताया कि श्री बाणेश्वर महादेव की शाही सवारी को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। 17 अगस्त अगले सोमवार को सुबह 9 बजे से बाणेश्वर कुंड मंदिर बाणगंगा से बाणेश्वर महादेव की शाही सवारी तामझाम के साथ निकाली जाएगी। बाबा बाणेश्वर अपने भक्तों को नगर भ्रमण के दौरान आशीर्वाद देंगे।
यात्रा के दौरान रास्ते में 200 से अधिक मंचों से बाबा और भक्तों का स्वागत होगा। व्यवस्था के लिए कई टीम का गठन किया गया। बाबा बाणेश्वर के रजत रथ को श्रद्धालु अपने हाथों से खींचेंगे और करीब 100 से अधिक युवाओं की टीम सवारी मार्ग की यातायात व्यवस्था संभालेगी।
यात्रा में बैंड-बाजे, ढोल-ताशे, डीजे,अखाड़े, भजन मंडली, लोकनर्तक, ऊंट-घोड़े, झांकियां, विभिन्न वेशभूषा में श्रद्धालु, साधु- संत, धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक, व्यापारिक एवं अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। बाणेश्वर कुंड से बाणगंगा मेनरोड, महेश गार्ड लाइन, मरीमाता चौराहा होते हुए वृंदावन कालोनी से वापस मंदिर परिसर पहुंचेगी। यहां आरती पश्चात यात्रा का समापन होगा।
यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को शीतल जल के साथ ठंडाई, फलाहार, खिचड़ी आदि का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा। कल हुई लेसा गार्डन में बैठक के दौरान संत, महंत भी मौजूद रहे। बैठक में दीपू यादव, शंकर नैनावा, पुरुषोत्तम अग्रवाल, विजेंद्रसिंह चौहान, ठाकुर जितेन्द्रसिंह, बलराम परिहार, नरेश यादव, प्रेम वर्मा, विकास जोशी, बंटी ठाकुर, ज्वाला यादव, आशीष यादव मौजूद थे।
