सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

बारिश नहीं होने से तेजी से चल पड़ा निगम का सड़कों का निर्माण कार्य

शहर के नागरिक परेशानी में लेकिन निगम को सड़क जल्दी बनने की उम्मीद जागी

इस बार बारिश नहीं होने के कारण शहर के नागरिक चाहे परेशान हो रहे हो लेकिन इस स्थिति का फायदा नगर निगम उठा रहा है। निगम के द्वारा मास्टर प्लान की सड़कों के निर्माण का जो कार्य शुरू किया गया है वह तेजी से चल पड़ा है। इस कार्य में बारिश के कारण पैदा होने वाली बाधा इस बार नहीं आ रही है।

भारत सरकार से केंद्रीय सड़क निधि के अंतर्गत इंदौर नगर निगम को 465 करोड रुपए की राशि प्राप्त हुई है। इस राशि से नगर निगम के द्वारा इंदौर विकास योजना 2021 में प्रावधान की गई 23 सड़कों का निर्माण शुरू किया गया है। इन सड़कों के निर्माण के कार्य को नगर निगम के द्वारा चार पैकेज में बांटा गया है।

हर पैकेज का ठेका अलग ठेकेदार कंपनी को दिया गया है। ऐसा करने के पीछे नगर निगम का मकसद पहले से ही यह स्पष्ट था कि हमें इन सड़कों का निर्माण तेज गति से जल्दी करवाना है। यही कारण है कि नगर निगम के द्वारा चार अलग-अलग ठेकेदार कंपनियों को काम देकर मैदान में उतारा गया है।

इस समय तक नगर निगम इन 23 सड़कों में से 16 सड़कों का निर्माण शुरू कर चुका है। जब नगर निगम के द्वारा इन सड़कों के निर्माण के कार्य को शुरू करवाया गया था उस समय पर निगम ने अपनी योजना में ही यह तथ्य रखा था कि बारिश के मौसम में तेज बारिश होने से निर्माण का कार्य नहीं हो सकेगा। इस तरह से करीब 3 महीने तक निर्माण कार्य बाधित रहेगा।

जिन सड़कों का निर्माण चल रहा था वहां भी ठेकेदार को नगर निगम के द्वारा बारिश का मौसम शुरू होने से पहले यह चेतावनी दे दी गई थी कि जल्दी से काम को समेट लो अन्यथा तेज बारिश हो जाएगी तो फिर मुश्किल आ जाएगी।

अब इस साल अभी तक एक बार भी तेज बारिश नहीं हो पाई है। इंदौर में औसत बारिश भी नहीं हो पा रही है। अब तक हुई 15 इंच बारिश से इंदौर का कोई काम नहीं होना है। सावन का महीना लग जाने के बावजूद अभी तक बारिश नजर नहीं आ रही है। हर दिन आसमान पर काले बादल तो आते हैं, हवा भी चलती है लेकिन उसके बाद पानी नहीं आता है।

इस स्थिति को देखते हुए जहां नागरिक कम वर्षा की स्थिति होने की चिंता कर रहे हैं। वही नगर निगम के लिए यह हालात भी सौगात बन गए हैं। निगम के अधिकारियों का मानना है कि पानी नहीं गिरने से सड़क के निर्माण की साइट में कोई बाधा नहीं आ रही है।

इसके चलते हुए जिन सड़कों का निर्माण शुरू किया गया था उन सड़कों का काम तेज गति से चल रहा है। बारिश के ना आने से पैदा हुई स्थिति नगर निगम के लिए फायदे का सौदा बनती हुई नजर आ रही है। इस स्थिति के चलते हुए नगर निगम के सड़कों के निर्माण के कार्य में जोरदार तेजी आ गई है।

इसके परिणाम स्वरुप कुछ सड़कों का निर्माण अपनी निर्धारित अवधि से कम समय में जल्दी पूरा हो जाएगा। इस तरह से एक तरफ की चिंता में दूसरी तरफ का फायदा भी नजर आने लगा है।