युवती को चौराहा पर घेरा
गवाही देने पर जान से मारने की धमकी
इंदौर। भंवरकुआं थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी ने पीड़िता को सार्वजनिक चौराहे पर रोककर अश्लील गालियां दीं और परिजनों या उसके द्वारा खिलाफ में गवाही देने पर जान से मारने की संगीन धमकी दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय पीड़िता ने भंवरकुआं थाने में उपस्थित होकर आरोपी अनिल कुमार जाटव मूल निवासी वीरपुर, जिला श्योपुर, हाल मुकाम पंचशील कॉलोनी, मूसाखेड़ी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह भंवरकुआं चौराहे के पास से गुजर रही थी, तभी आरोपी अनिल कुमार जाटव ने उसे अकारण रोक लिया और गालियां देना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे खुलेआम धमकी दी कि यदि उसने या उसके परिवार के किसी भी सदस्य ने उसके खिलाफ कोई गवाही दी या शिकायत की, तो वह उन्हें जान से मार डालेगा।
घटना से घबराई पीड़िता ने तत्काल पुलिस की शरण ली। भंवरकुआं थाना पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर मामले की जांच की और संबंधितों के कथन दर्ज किए।
