समोसे के बाकी पैसों के विवाद में चले लात-घूंसे
लसूड़िया थाना क्षेत्र के राहुल गांधी नगर में मामूली बात को लेकर पड़ोसी और उसके बेटों द्वारा एक व्यक्ति के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित अपने बेटे के समोसे खरीदने के बाद कम पैसे मिलने की शिकायत लेकर पास की डेयरी पर बात करने गया था। इसी दौरान पड़ोसी अकारण विवाद करने लगा और अपने बेटों के साथ मिलकर हमला कर दिया।
हमले में सिर पर नुकीली चीज से वार किए जाने के कारण पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। फरियादी की शिकायत पर लसूड़िया थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, राहुल गांधी नगर निवासी फरियादी गोपाल पिता लखन राठौर ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा दुकान से समोसे खरीदकर घर लाया था, लेकिन दुकानदार ने उसे पैसे कम वापस दिए थे। इस पर गोपाल खुद सांवरिया दूध डेयरी पर संचालक से बात करने और बाकी पैसे मांगने गए थे। जब वे डेयरी वाले से बात कर रहे थे, तभी वहीं पास में रहने वाला आरोपी मुन्ना अचानक वहां आया और अकारण गालियां देने लगा।
जब फरियादी गोपाल ने अकारण गाली-गलौज करने का विरोध किया, तो आरोपी मुन्ना भड़क गया और उसने लात-घूंसे से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच मुन्ना के दोनों बेटे भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी फरियादी को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान एक बेटे ने किसी धारदार व नुकीली वस्तु से गोपाल के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उनके सिर में गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा।
चीख- पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से भाग खड़े हुए।
