बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे के पास निगम की कार्रवाई अवैध निर्माण करते हुए बनाई गई पांच मंजिला इमारत में तोड़फोड़
शिकायत की जांच की तो पकड़ा गया मामला, निगम के इंजीनियर सवाल के घेरे में
नगर निगम की रिमूवल गैंग के द्वारा आज सुबह बाम्बे अस्पताल चौराहे के पास बड़ी कार्रवाई की गई। यहां एक इमारत में अवैध निर्माण करते हुए 5 मंजिला भवन का निर्माण कर लिया गया। इस मामले की जब शिकायत नगर निगम के पास आई तो यहां किए गए अवैध निर्माण का खुलासा हुआ। ऐसे में इस क्षेत्र के नगर निगम के इंजीनियर सवाल के घेरे मेंआगएहैं।
इंदौर नगर निगम की रिमूवल गैंग आज सुबह जल्दी ही कार्रवाई करने के लिए निकल गई थी। इस गैंग के द्वारा इंदौर विकास प्राधिकरण की स्कीम नंबर 94 बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे के पास जाकर कार्रवाई की गई। वहां पर उत्तम भोग के ठीक सामने ईबी सेक्टर में भवन क्रमांक 303 में प्लाट पर अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत नगर निगम के आयुक्त कार्यालय में प्राप्त हुई थी।
इस शिकायत पर जब जांच की गई तो शिकायत सही पाई गई। इसके बाद आज निगम की रिमूवल गैंग के द्वारा इस प्लॉट पर व्यावसायिक रूप से किए गए निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया।
निगम के अधिकारियों ने बताया कि यहां अनुमति के विपरीत अवैध रूप से बड़ी संख्या में दुकानों का निर्माण किया गया था। भवन में आगे पीछे कहीं भी एमओएस नहीं छोड़ा गया था। ऐसी स्थिति में आज सुबह नगर निगम के रिमूवल दस्ते ने दो पोकलैंड की मदद से दुकानों और सामने पीछे की ओर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
कार्यवाही के समय मौके पर झोन क्रमांक 8 के बिल्डिंग ऑफिसर सुनील जादौन, बीआई उद्देश्य तिवारी, बीआई मुख्यालय शैलेंद्र मिश्रा, सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे मौजूद थे। निगम के द्वारा यह पूरी करवाई शिकायत के आधार पर की गई। ऐसे में इस क्षेत्र के नगर निगम के इंजीनियरों की भूमिका पर सवालिया निशान लग रहा है।
इन इंजीनियरों के द्वारा किस निर्माण को ना तो रोकने की कोशिश की गई और ना ही उस पर कार्रवाई की गई।
