टापरी में घुसी अनियंत्रित कार ने दंपति को कुचला
हादस के बाद मची चीख-पुकार
इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत महालक्ष्मी नगर में रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहाँ एक बेकाबू कार सड़क किनारे बनी टापरी की चद्दर की दीवार को तोड़ती हुई सीधे भीतर जा घुसी। इस भीषण हादसे में टापरी के अंदर मौजूद पति-पत्नी कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगिरों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर पहुँची लसूड़िया पुलिस ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और कार को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। यह हादसा महालक्ष्मी नगर में एमआर-03 पर कल दोपहर घटित हुआ।
झोपड़पट्टी निवासी 35 वर्षीय फरियादी सुनील पिता मान सिंह राठौर की शिकायत पर पुलिस ने कार क्रमांक एमपी-09 जेडएच-3495 के चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पीड़ित सुनील ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह और उनकी पत्नी ललिता टापरी में मौजूद थे, तभी तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर उनकी टापरी की चद्दर तोड़ते हुए अंदर घुस आई। हादसे में सुनील के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी ललिता के सीने और पसलियों में गहरी चोट आई है।
घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल पहुँचाया, जहाँ दोनों का उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
