मैं यहां का दादा हूं.. कहकर मजदूर के सिर में मारा पत्थर
जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के वीर सावरकर नगर रोड पर एक हम्माल के साथ अकारण मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। आरोपी ने रास्ते से निकलने की बात पर विवाद करते हुए पीड़ित के सिर पर पत्थर से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। वारदात के दौरान आरोपी ने खुद को क्षेत्र का दादा बताते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित की शिकायत पर जूनी इंदौर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मरीमाता का बगीचा जबरन कॉलोनी निवासी फरियादी दिनेश उर्फ सैट्टी पिता मनोहर लाल कौरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह हम्माली का काम करता है और लोहा मंडी स्थित एक रेस्टोरेंट में काम के लिए जा रहा था।
जब वह साईं मंदिर के सामने वीर सावरकर नगर रोड पर पहुंचा, तभी आरोपी सुनील वर्मा निवासी वीर सावरकर नगर उसे रोककर बेवजह गालियां देने लगा और कहने लगा कि इस रास्ते से क्यों जा रहा है। फरियादी दिनेश ने जब कहा कि वह इसी रास्ते से आता-जाता है और गाली देने का विरोध किया, तो आरोपी सुनील वर्मा भड़क गया। आरोपी ने सड़क से पत्थर उठाकर दिनेश के सिर पर मार दिया, जिससे सिर में गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा।
मारपीट के बाद आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि मेरा नाम सुनील वर्मा है, मैं यहां का दादा हूं... दोबारा यहां दिखाई दिया तो तुझे जान से खत्म कर दूंगा।
