चिकन दुकान पर साइड मांगने पर विवाद, जिलाबदर बदमाश ने युवक की दोनों जांघों में घोंपा चाकू
परदेशीपुरा थाना क्षेत्र स्थित वाइन शॉप के पास चिकन खरीदने के दौरान साइड मांगने जैसी मामूली सी बात पर विवाद हो गया। विवाद के दौरान क्षेत्र के कुख्यात जिलाबदर बदमाश ने गाली-गलौज करते हुए फरियादी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवक की दोनों जांघों में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को परदेशीपुरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुगनीदेवी कॉलेज के पास घेराबंदी कर धरदबोचा है।
पुलिस के अनुसार, लालगली परदेशीपुरा निवासी फरियादी बाबू उर्फ फैजान पिता जाकिर हुसैन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह हीरा नगर स्थित दुकान से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में परदेशीपुरा वाइन शॉप के सामने स्थित चिकन दुकान पर वह चिकन खरीदने के लिए रुका।
वहां पहले से खड़े आरोपी आकाश बौरासी निवासी जीवन की फेल से फरियादी ने कहा कि भाई थोड़ा साइड में हो जाओ, मुझे भी सामान लेना है। इतनी सी बात पर आरोपी आकाश बौरासी भड़क गया और गालियां देने लगा। फरियादी द्वारा गाली देने से मना करने पर आरोपी ने पहले उसके साथ थप्पड़ों से मारपीट की और फिर अपने पास रखे चाकू से फैजान की दोनों जांघों में वार कर दिया।
चाकू लगने से पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद आरोपी दुकान संचालक अनिल ठाकुर व आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी आइंदा उलझा तो जान से खत्म कर दूंगा की धमकी देकर भाग निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आकाश बौरासी आदतन अपराधी है और जिलाबदर बदमाश है।
वारदात की सूचना मिलते ही परदेशीपुरा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और सुगनीदेवी कॉलेज के समीप घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
