इंदौर डीएफए ने रतलाम को 4-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की
इंदौर। मध्य प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा सीहोर में आयोजित अंतर जिला फुटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत आज ग्रुप-डी के मुकाबले में इंदौर जिला फुटबॉल संघ (डीएफए) ने अपने पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए डीएफए रतलाम को 4-1 से पराजित कर प्रतियोगिता का विजयी आग़ाज किया तथा अंक तालिका में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की।
मैच के प्रारंभ से ही इंदौर की युवा एवं ऊर्जावान टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए रतलाम पर लगातार दबाव बनाए रखा। इंदौर की ओर से श्रेयस सिंह ने शानदार दो गोल किए, जबकि अर्णव कौशल एवं आयुष्मान यादव ने एक-एक गोल कर टीम की शानदार जीत सुनिश्चित की।
मैच के दौरान इंदौर जिला फुटबॉल संघ के सचिव नीरज शर्मा, सी सर्टिफिकेट कोच दीपक चौहान, सहायक कोच मो. अयान तथा टीम मैनेजर अंश सिरसिया टीम के साथ उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया
