सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

सक्षम, हार्दिक, आगम व आतिफ अगले दौर में

इंदौर। मध्य प्रदेश बिलियर्ड्स एंड स्नूकर एसोसिएशन के तत्वावधान में खेली जा रही 40वीं एमपी स्टेट स्नूकर चैंपियनशिप में युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। नेहरू स्टेडियम स्थित बिलियर्ड्स एकेडमी में आयोजित इस प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में सक्षम वर्मा, हार्दिक गायकवाड़, आगम गंगवाल और आतिफ अंसारी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है।

जूनियर स्नूकर के पहले दौर के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का परिचय दिया। सक्षम वर्मा ने विदूर गुप्ता को 2-0 से आसानी से पराजित कर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए। सबजूनियर वर्ग का खिताब जीतने वाले हार्दिक गायकवाड़ ने भी अपनी बेहतरीन फॉर्म जारी रखी।

उन्होंने रोहन रोचवानी को संभलने का कोई मौका न देते हुए सीधे 2-0 से शिकस्त दी। आगम गंगवाल ने हर्षित यादव को 2-0 से, जबकि आतिफ अंसारी ने मनन अग्रवाल को आसानी से 2-0 से हराकर अगले दौर में अपनी जगह पक्की की। दिन के अन्य मुकाबलों में भी एकतरफा जीत का सिलसिला देखने को मिला, जहाँ सभी विजेताओं ने 2-0 के अंतर से मुकाबले अपने नाम किए।

ओवेश खान ने प्रियांश यादव को, राजशेखर ने पल्केश गुलानी पर जीत दर्ज की। लक्ष्य संतनानी ने अथर्व जैन को शिकस्त दी तथा युग पटेल ने राघव सोनी को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।