5 हजार का इनामी दुष्कर्म का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे युवक की तलाश फिर शुरू
कल शाम से लापता है अर्पित, परिवार के साथ घूमने गए थे महेश्वर
शादी का झांसा देकर नाबालिग को बनाया था ढाल
चंदन नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को बहला- फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले 5000 के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी टोस्ट फैक्ट्री में साथ काम करने वाली 16 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने घर ले गया था और पुलिस की भनक लगते ही उसे छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा और अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि, गत 19 जुलाई को फरियादिया ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के बिना बताए घर से लापता होने की रिपोर्ट चंदन नगर थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की और मुखबिर की सूचना पर अपहृत बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि केशव नगर निवासी आरोपी आदिल शेख पिता मुनव्वर शेख किशोरी को शादी का लालच देकर अपने घर ले गया था और वहां उसे अवैध रूप से रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
जब आरोपी आदिल को पुलिस की दबिश की भनक लगी, तो वह बालिका को छोड़कर बड़वाह और सनावद भागने की फिराक में था। पुलिस उपायुक्त द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 5000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। चंदन नगर पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी आदिल शेख को धरदबोचा।
पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट की धाराओं का इजाफा कर आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
निपानिया क्षेत्र से परिवार के साथ महेश्वर घूमने गए एक युवक की नर्मदा नदी के सहस्त्रधारा घाट पर स्नान के दौरान पानी के तेज बहाव में बहने से लापता होने की घटना सामने आई है। घटना के दूसरे दिन आज सुबह प्रशासन और रेस्क्यू टीम द्वारा लापता युवक की तलाश के लिए फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया
गया है। कल देर शाम तक रेस्क्यू टीमों ने नदी में व्यापक खोजबीन की थी, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल पाई थी, जिसके बाद अभियान रोकना पड़ा था। इस हृदय विदारक घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। निपानिया निवासी 30 वर्षीय अर्पित हाड़ा
अपने परिवार के पांच अन्य सदस्यों के साथ महेश्वर और आसपास के पर्यटन स्थलों पर घूमने गए थे। महेश्वर में दर्शन करने के बाद शाम पूरा परिवार जलकोटी स्थित सहस्त्रधारा पहुँचा था। नर्मदा नदी में स्नान करने के दौरान अचानक अर्पित का पैर फिसल गया और वे नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगे।
यह भयानक मंजर देख उनकी पत्नी और अन्य परिजनों की चीख निकल पड़ी। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय नाविक और ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक अर्पित पानी के तेज बहाव में आँखों से ओझल हो चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुँची और बोट्स की मदद से शाम से लेकर देर रात तक सर्चिंग अभियान चलाया, मगर उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
आज सुबह एक बार फिर गोताखोरों और रेस्क्यू टीम ने नर्मदा नदी में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, और लापता युवक की तलाश जारी है।
