सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

क्लाथ मार्केट में दोनों उम्मीदवारों ने दिया परेशान किरायेदारों को आश्वासन

वैष्णव सहायक ट्रस्ट से करवाएंगे समझौता

क्लाथ मार्केट मर्चेन्ट एसोसिएशन के मंत्री पद के लिए 27 जुलाई को मतदान होना है। इसके लिए चंद्रप्रकाश गंगवाल और कैलाश मूंगड़ के बीच मुकाबला हो रहा है। दोनों प्रत्याशियों का एक बार का जनसम्पर्क हो चुका है। अब नाराज मतदाताओं को साधने का दौर चल रहा है।

क्लाथ मार्केट का एक बडा हिस्सा वैष्णव सहायक ट्रस्ट की सम्पत्ति है। ट्रस्ट से कई व्यापारियों का बीते 13 सालों से न्यायालय में किराया बढाने को लेकर केस चल रहा है। इस मामले में व्यापारी परेशान है। हर चुनाव में यह मुद्दा उठता है लेकिन इस बार इस मामले ने जोर पकड़ लिया है।

कैलाश मूंगड़ गुट द्वारा व्यापारियों को आश्वासन दिया जा रहा है कि हम ट्रस्ट के साथ पीडित व्यापारियों की बैठक करवाएंगे, व्यापारियों के हित में निर्णय के लिए प्रयास करेंगे। वहीं दूसरी दूसरा पक्ष भी अब ऐसे ही शब्द दोहरा रहा है। कुछ लोगों को तो यह तक कह दिया कि हमने ट्रस्ट के कर्ताधर्ताओं से बात कर ली है।

पूर्व अध्यक्ष के माध्यम से यह मामला निपटाया जाएगा। हालांकि व्यापारियों का कहना है कि पूर्व अध्यक्ष बीते 50 सालों से पदाधिकारी बने हुए है और करीब 12 सालों से तो अध्यक्ष पद पर थे, तब उन्हें परेशान व्यापारियों की पीड़ा क्यों नहीं दिखी। हालांकि इस मामले में व्यापारी आसानी से विश्वास नहीं जता रहे है।