पटाखा फोड़ने वाले बुलेट चालकों पर शिकंजा
50 से ज्यादा मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त, यातायात पुलिस ने की चालानी कार्रवाई
साइलेंसर मॉडिफाई कराकर शहर की सड़कों पर ध्वनि प्रदूषण और हुड़दंग मचाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। थाना प्रभारी अरविंद दांगी के नेतृत्व में अभियान चलाते हुए पुलिस टीमों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में रणनीतिक पॉइंट लगाकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने शुक्रवार को एक ही दिन में करीब 50 से अधिक वाहनों से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाए और वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
शुक्रवार को थाना प्रभारी अरविंद दांगी के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने शहर के मुख्य चौराहों और प्रमुख मार्गों पर चेकिंग पॉइंट लगाए। चेकिंग के दौरान सड़कों पर फर्राटा भर रही ऐसी बुलेट और अन्य दोपहिया वाहनों को रोका गया, जिनमें कंपनी के साइलेंसर हटाकर अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे।
ये साइलेंसर गाड़ी चलाने के दौरान बंदूक की गोली या पटाखे की तरह तेज धमाके जैसी आवाज उत्पन्न कर रहे थे, जिससे आम नागरिकों और राहगीरों में भय का माहौल बनता था। पुलिस टीम ने मौके पर ही मैकेनिक बुलाकर गाड़ियों से करीब 50 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाकर जब्त किए और वाहन
चालकों के चालान काटे। थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने स्पष्ट किया कि साइलेंसर मॉडिफाई कराना यातायात नियमों का उल्लंघन होने के साथ-साथ गंभीर ध्वनि प्रदूषण की श्रेणी में आता है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा शहर के सभी प्रमुख क्षेत्रों में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और मॉडिफाइड साइलेंसर
शिकंजा कसा जाएगा।
