सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

जान देने की कोशिश

पलासिया थाना क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी में पदस्थ एक महिला वरिष्ठ इंजीनियर ने शुक्रवार दोपहर अपने सरकारी निवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गनीमत रही कि समय रहते पति और आसपास के लोगों की नजर पड़ गई, जिन्होंने तुरंत उन्हें फंदे से नीचे उतारा। आनन-फानन में महिला को गंभीर हालत में उपचार के लिए एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी बिगड़ती स्थिति को देखते हुए वेंटिलेटर पर रखा गया है। पलासिया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, साकेत रोड स्थित सरकारी क्वार्टर में रहने वाली आरती यादव पति निलेश यादव पीडब्ल्यूडी विभाग में वरिष्ठ इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। उनके पति निलेश भी इसी विभाग में पदस्थ हैं। शुक्रवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में आरती ने अपने ही घर में फांसी का फंदा लगा लिया।

परिजनों और आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें फंदे से नीचे उतारा और अचेत अवस्था में अस्पताल पहुँचाया, जहाँ फिलहाल उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल और थाने पहुँचे। आरती के भाई उपेंद्र ने पुलिस को दिए बयानों में आरोप लगाया कि उनकी बहन और जीजा निलेश के बीच लंबे समय से पारिवारिक तनाव और अनबन चल रही थी।

दोनों के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद होता रहता था। पुलिस के मुताबिक, आरती का मायका इंदौर के ही सुखलिया इलाके में है और उनकी शादी को करीब 10 साल हो चुके हैं, जबकि उनका ससुराल झाबुआ जिले में है। पलासिया थाना पुलिस ने घटना के संदर्भ में मायके पक्ष के साथ-साथ पति व अन्य परिजनों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिए हैं।