घर के सामने कचरा फेंकने का विरोध करने पर जनसंपर्क कर्मचारी पर हमला
इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में घर के सामने कचरा फेंकने जैसी मामूली बात को लेकर हुए विवाद में एक सिरफिरे पड़ोसी ने जनसंपर्क विभाग में पदस्थ कर्मचारी पर क्रिकेट बेट से हमला कर दिया। हमले में कर्मचारी के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
एरोड्रम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया है। एरोड्रम पुलिस के अनुसार, यह घटना आज सुबह करीब 6 बजे जनसंपर्क विभाग में कार्यरत अनिल माने के साथ उनके एरोड्रम स्थित निवास के बाहर हुई। अनिल माने ने जब अपने पड़ोसी जगदीश गायकवाड़ को घर के सामने कचरा फेंकने से मना किया और टोका तो आरोपी भड़क गया।
जगदीश ने अनिल माने के साथ अभद्रता करते हुए गालियां देना शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी घर के अंदर से क्रिकेट खेलने वाला बेट उठा लाया और अनिल माने के सिर व चेहरे पर दे मारा। बेट से हुए वार के कारण अनिल माने के सिर और चेहरे से काफी खून बहने लगा और वे मौके पर ही गिर पड़े।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, जिन्होंने बीच-बचाव कराया और घायल को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुँचाया।
