सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

होलकर कॉलेज प्रबंधन पर आरोप

कॉलेज प्रशासन द्वारा दबाव बनाने का लगाया आरोप करणी सेना का बड़ा खुलासा, फर्जी फीस और इंटर्नशिप घोटाला

शासकीय होलकर विज्ञान महाविद्यालय में कथित फर्जी फीस रसीद, फीस चोरी और इंटर्नशिप घोटाले को लेकर इंदौर प्रेस क्लब में श्री राजपूत करणी सेना के नगर अध्यक्ष नितिन ठाकुर ने पत्रकार वार्ता आयोजित की। संगठन ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले से जुड़े दस्तावेज और साक्ष्य मीडिया के सामने रखे। संगठन का आरोप है कि इंटर्नशिप और फीस से जुड़ी गंभीर अनियमितताओं की शिकायत के बावजूद अब तक कोई निष्पक्ष जांच पूरी नहीं हुई है, जिससे दोषियों को बचाने की आशंका है।

उनका दावा है कि कथित इंटर्नशिप घोटाले के मास्टरमाइंड को महाविद्यालय का प्रत्यक्ष संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि मामले का खुलासा करने वाले विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने, झूठी एफआईआर दर्ज कराने के प्रयास करने तथा कॉलेज परिसर में रेस्टिगेशन नोटिस चस्पा कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। करणी सेना ने कॉलेज प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की किसी स्वतंत्र और निष्पक्ष एजेंसी से समयबद्ध जांच कराई जाए, घोटाले के मास्टरमाइंड और उसे संरक्षण देने वालों की जांच कर सख्त कार्रवाई हो और जिन लोगों ने दोषियों को बचाने का काम किया उन पर कार्रवाई हो।

विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ जारी किए गए रेस्टिगेशन नोटिस तुरंत वापस लिए जाएं, शिकायतकर्ताओं को धमकाने और झूठी कार्रवाई के प्रयासों पर रोक लगाई जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई और उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उक्त पूर्ण आरोप के साथ जानकारी नितिन ठाकुर नगर अध्यक्ष श्री राजपूत करणी सेना द्वारा दी गई।