सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

खातीवाला टैंक में निर्माणाधीन हॉस्टल तोड़ा

एमओएस पर कर लिया कब्जा बिल्डिंग की हैंगिंग फुटपाथ पर निकाल दी

नगर निगम की रिमूवल टीम द्वारा आज सुबह खातीवाला टैंक में एक निर्माणाधीन हॉस्टल के अवैध निर्माण को तोड़ा गया। इस हॉस्टल के निर्माणकर्ता मालिकों के द्वारा एमओएस को कर करते हुए उस पर कब्जा कर लिया गया था। इसके साथ ही बिल्डिंग की हैंगिंग को फुटपाथ पर निकाल दिया गया था।

निगम की रिमूवल टीम आज सुबह अवैध निर्माण को तोड़ने के लिए खातीवाला टैंक में पहुंची। क्षेत्र के भवन अधिकारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि दशमेश गार्डन रहवासी संघ के द्वारा इस अवैध निर्माण की शिकायत की गई थी। इस शिकायत में बताया गया था कि भवन का निर्माण करने वाले गोविंद अरोरा द्वारा गलत और अवैध निर्माण किया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा दी गई मंजूरी के विपरीत जाकर निर्माण करते हुए पूरे क्षेत्र में समस्या पैदा की जा रही है। यहां पर हॉस्टल का निर्माण किया जा रहा था जिसमें करीब 15 कमरे बनाए गए थे। इस शिकायत की निगम की टीम द्वारा जांच की गई।

इस जांच में यह पाया गया कि बिल्डर द्वारा इस बिल्डिंग में काफी अधिक अवैध निर्माण कर लिया गया है। इस पर निगम द्वारा नोटिस जारी कर बिल्डर को खुद अवैध निर्माण तोड़ने के लिए कहा गया था। बिल्डर के द्वारा अवैध निर्माण को नहीं तोड़े जाने के कारण आज रिमूवल की कार्रवाई की गई।

इसमें बिल्डर के द्वारा अनुज्ञा के विपरित जाकर किए गए निर्माण को हटाया गया। क्षेत्र के रहवासियों के द्वारा पिछले दिनों जनसुनवाई में आकर नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल से इस मामले की शिकायत की गई थी।