सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

अग्रवाल समाज चुनाव मतदान में मोबाइल रखकर दिया जाएगा टोकन

स्लीप भी अन्दर नहीं ले जाने दी जाएगी, 11 कार्यकारिणी के नाम याद रखना आसान नहीं, मिलन पार्टी का दौर जारी

अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के चुनाव एकदम समीप आ गए हैं। इसी रविवार 26 जुलाई को सुबह से शाम तक मतदान होगा। चुनाव नियम के अन्तर्गत भोजन-भंडारा को लेकर भी नियम-कायदे बनाए गए थे, फिर भी दोनों ही पैनल मिलन और भोज का आयोजन लगातार कर रही है।

कल भी एक पैनल ने महू में तो दूसरी ने स्कीम नं. 71 के रिंगरोड पर मिलन भोज का आयोजन किया था। इधर जानकार बता रहे हैं कि पदाधिकारियों के नाम के बाद पसंद के 11 कार्यकारिणी सदस्यों के नाम याद रखना संभव नहीं है क्योंकि पैनल के अनुसार समर्थकों को वोट डालना है। इस बार चुनाव अधिकारियों की हिदायत है कि नामों की पर्ची अन्दर नहीं ले जाने दी जाएगी, अन्दर मोबाइल भी नहीं ले जाने दिया जाएगा, टोकन देकर मोबाइल रखवा लिया जाएगा।

मतदान स्थल के बाहर बैनर-पोस्टर भी नहीं लगाने के निर्देश दिए गए हैं। अब सारा प्रचार पम्पलेट और बैज से ही हो सकेगा। दोनों पैनल ताकत लगा रही है और दोनों पैनल जीत का दावा भी कर रही है। इधर समाजजनों ने अलग-अलग पदाधिकारियों के जीत के दावे भी शुरू कर दिए हैं। अध्यक्ष पद पर एक और महामंत्री पर भी एक नाम अलग-अलग पैनल की जीत का बताया जा रहा है।