पत्नी को मायके भेजकर युवक ने की खुदकुशी
शहर के गुरुवा नगर क्षेत्र में एक युवक द्वारा अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई। मृतक पेशे से प्लंबर था और अपने मामा के घर रहकर जीवन- यापन कर रहा था। युवक ने हाल ही में राऊ की रहने वाली एक युवती से लव मैरिज की थी। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक का नाम दुर्गेश गिरवाल पिता अशोक (22) निवासी गुरुवा नगर है। परिजनों ने बताया कि दुर्गेश पेशे से प्लंबर का काम करता था। उसने कुछ समय पूर्व ही राऊ की रहने वाली युवती से प्रेम विवाह किया था। घटना से पूर्व दुर्गेश ने अपनी पत्नी से कहा था कि वह घर में शौचालय का निर्माण करवा ले, जिसके बाद उसे वापस बुला लेगा।
पत्नी के जाने के बाद दुर्गेश ने घर में फांसी का फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। युवक ने यह कदम किस वजह से उठाया, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
