सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

मारपीट और जान से मारने की धमकी से तंग आकर युवक ने फंदे पर झूलकर दी जान

बेटमा थाना क्षेत्र के भोजपुरी कॉलोनी के पास एक युवक द्वारा हाईटेंशन टावर से फंदा लगाकर खुदकुशी करने के मामले में पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी द्वारा मारपीट करने, झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने से प्रताड़ित होकर युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया था। बेटमा थाना पुलिस ने जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गत 14 जून को भोजपुरी कॉलोनी के पीछे खाली खेत में बने हाईटेंशन टावर पर मृतक नैनाराज पंवार का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। पुलिस ने तुरंत मर्ग कायम कर घटना की विस्तृत जांच शुरू की। मर्ग जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर पता चला कि आरोपी नरेंद्र पिता कैलाश सोलंकी निवासी बजरंगपुरा, बेटमा को शंका थी कि मृतक नैनाराज ने उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की है।

इसी शंका के आधार पर आरोपी नरेंद्र ने नैनाराज के साथ जमकर मारपीट की थी। इतना ही नहीं, आरोपी ने नैनाराज को गांव में पंचायत बुलाकर नीचा दिखाने, बदनाम करने और जान से खत्म करने की लगातार धमकियां भी दी थीं। आरोपी द्वारा की गई मारपीट, सामाजिक बदनामी के डर और जान से मारने की धमकियों से बुरी तरह भयभीत होकर नैनाराज ने 14 जून को हाईटेंशन टावर से लटककर आत्महत्या कर ली।

मर्ग जांच में आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने का अपराध सिद्ध होने पर बेटमा पुलिस ने आरोपी नरेंद्र सोलंकी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।