सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

युवक के सिर पर दे मारा पत्थर

चंदन नगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक पर उसके ही सगे बड़े भाई और भतीजे द्वारा हमला कर मारपीट की गई। घर के बाहर सामान रखकर लौट रहे युवक को अकारण रोककर आरोपियों ने गाली- गलौज की और विरोध करने पर पास पड़ा भारी पत्थर उसके सिर पर दे मारा। खून से लथपथ पीड़ित को छोड़कर आरोपी सरेआम जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। चंदन नगर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार मारुति पैलेस चंदन नगर निवासी फरियादी राजेश सोलंकी पिता रमेश सोलंकी ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित राजेश ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब 3:30 बजे वह अपने घर पर सामान रखने आया था। सामान घर के अंदर रखकर जब वह वापस काम पर जाने के लिए बाहर निकला, तो उसका बड़ा भाई प्रकाश घर के बाहर खड़ा था, जो उसे देखते ही बिना किसी वजह के गालियां देने लगा।

जब पीड़ित राजेश ने अपने बड़े भाई को अकारण गाली- गलौज करने से मना किया, तो प्रकाश ने उसके साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच प्रकाश का बेटा रुद्र भी वहां पहुंच गया। दोनों ने मिलकर राजेश के साथ हाथापाई की और पास में पड़ा एक पत्थर उठाकर सीधे राजेश के सिर पर मार दिया।

पत्थर की तेज चोट लगते ही पीड़ित का सिर फट गया और गहरा घाव होने से खून बहने लगा। चीख- पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी प्रकाश और रुद्र वहां से भागने लगे। भागते-भागते दोनों आरोपियों ने धमकी दी कि अगर थाने जाकर हमारे खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई तो तुझे जान से खत्म कर देंगे।