क्राइम ब्रांच का एक्शन... दो अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार
शहर में नशे के सौदागरों और अवैध मादक पदार्थों की खरीद- फरोख्त के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इंदौर क्राइम ब्रांच को दोहरी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने दो अलग- अलग स्थानों पर घेराबंदी कर तीन शातिर ड्रग्स तस्करों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 31.30 ग्राम कीमती अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स बरामद की गई है।
क्राइम ब्रांच पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लक्ष्मीबाई नगर औद्योगिक क्षेत्र में दो संदिग्ध युवक एमडी ड्रग्स की डिलीवरी देने की नीयत से घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी आमिर खान व बाबर खान दोनों निवासी कबूतर खाना नाले के पास को धरदबोचा। दोनों की विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से 11 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
इसी कड़ी में दूसरी कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने कृषि महाविद्यालय के सामने दबिश दी। वहां से संदिग्ध अवस्था में खड़े आरोपी आसिम खान निवासी मदीना नगर को हिरासत में लिया गया। साक्ष्यों के समक्ष ली गई तलाशी में आसिम के पास से 20.30 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स जब्त की गई।
दोनों मामलों में पुलिस ने अवैध नशीला पदार्थ जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच अब तीनों आरोपियों से सघन पूछताछ कर रही है कि वे यह एमडी ड्रग्स कहां से लाए थे और शहर में किन-किन लोगों को सप्लाई करने जा रहे थे।
