सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

यूसीसी लागू होने पर मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन होगा

संस्था चैतन्य भारत ने राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के संकल्प एवं कैबिनेट में मंजूर हुए प्रस्ताव का स्वागत किया। संस्था के सीताराम व्यास, विष्णु गोयल, स्वदेश राजोरिया, कांति पटेल, मनीष बोहरा ने बताया कि संस्था की आवश्यक बैठक की गई जिसमें कैबिनेट में यूसीसी मुद्दे पर स्वीकृति दी गई। जिस दिन नियम बनकर सामने आएगा उस दिन संस्था द्वारा आतिशबाजी कराई जाएगी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नागरिक अभिनंदन भी कराया जाएगा।

पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि अब डॉ. यादव ने ऐतिहासिक कदम उठाने के संकेत देकर देश के करोड़ों नागरिकों की भावनाओं का सम्मान किया है। इस कानून के लागू होने के दिन संस्था चैतन्य भारत द्वारा शहर में आतिशबाजी और मुख्यमंत्री के प्रथम नगर आगमन पर उनका नागरिक अभिनंदन करने का निर्णय लिया है। इसके लिए 108 सदस्यीय समिति के गठन का प्रस्ताव है जिसमें शहर के प्रमुख संत–विद्वान, धर्माचार्य, सकल हिन्दू समाज के वरिष्ठजन शामिल होंगे।

बैठक में संगठन प्रभारी राजन दुबे एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश गुप्ता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वे प्रदेश में चल रहे सभी मदरसों का तत्काल सर्वेक्षण एवं निरीक्षण कराएं।