पार्षद के पत्र के बाद ट्रैफिक सिग्नल शुरू होने की उम्मीद
रेसीडेंसी क्षेत्र के यातायात पार्क में लंबे समय से बंद ट्रैफिक सिग्नल को शुरू करने को लेकर क्षेत्रीय पार्षद महेश बसवाल द्वारा लगातार प्रयास के बाद अब यातायात विभाग और निगम अधिकारियों को पत्र लिखकर क्षेत्र के एकमात्र ट्रैफिक पार्क में सालों से बंद ट्रैफिक सिग्नल सुधार कर नए लगाने और चालू करने की मांग को लेकर पत्राचार किया है। जिससे यातयात पार्क में रोज घूमने आने वाले बच्चे और युवाओं को एक बार फिर से उम्मीद जगी है। इस बार लोगों को लग रहा है कि लंबे समय से बंद ट्रैफिक सिग्नल अब शुरू होंगे।
गौरतलब है कि क्षेत्रीय पार्षद महेश बसवाल द्वारा लगातार यातायात पार्क में सुधार कार्य के अंतर्गत विभिन्न कार्य करवाए जा रहे हैं। बंद लाइटिंग शुरू कराने से लेकर सौंदर्य करण के लिए आकर्षक ब्लॉक लगवाए गए। सुबह शाम घूमने आने वालों के लिए नया एक्यूप्रेशर टाइल्स वाला वाकिंग ट्रेक बनवाया गया।
टूटी बेंचों की जगह नई बेंच लगवाई गई। वहीं अब पार्क के भीतर की सड़क बनवाने के साथ लंबे समय से बंद ट्रैफिक सिग्नल शुरू करने को लेकर भी प्रयास करते हुए यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ निगम अधिकारियों को भी पत्र लिखकर जल्द ट्रैफिक सिग्नल शुरू करने की मांग की गई है जिससे क्षेत्र के रहवासियों को उम्मीद है कि जल्द पार्षद के प्रयासों से लंबे समय से बंद ट्रैफिक सिग्नल एक बार फिर शुरू हो जाएंगे जिससे क्षेत्र के बच्चे यहां बगीचे में खेलने के साथ ट्रैफिक के नियमों का पालन भी सीखेंगे।
