जल आपूर्ति की स्थिति का जायजा लेने आयुक्त पहुंचे कंट्रोल रूम
नगर निगम के आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज सुबह जल संकट की स्थिति के बीच में नर्मदा पेयजल योजना के कंट्रोल रूम पर पहुंचकर वहां जल आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। कल से ही यह स्पष्ट हो गया था कि आज शहर में पानी का संकट पैदा हो जाएगा। यह स्थिति स्पष्ट होने के बाद निगम आयुक्त सुबह नर्मदा पेयजल योजना के बिजलपुर में स्थित कंट्रोल रूम पर पहुंचे।
वहां पर उन्होंने यह जानकारी ली की एक-एक टंकी में कितना पानी भर गया है। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से यह भी पूछा कि जितना पानी भर गया है उतने पानी से हम क्षेत्र में कितना सप्लाय कर पाएंगे। नागरिकों की पानी की आवश्यकता की पूर्ति इतने पानी से हो सकेगी या नहीं हो सकेगी।
यह सारी जानकारी हासिल करने के बाद उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन 17 टंकी में कम पानी भराया है उनके सप्लाय वाले क्षेत्र में अतिरिक्त टैंकर लगाकर लोगों को पानी की आवश्यकता की पूर्ति को सुनिश्चित किया जाए।
