मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026

कल इस्कान की रथयात्रा अन्नपूर्णा मंदिर से निकलेगी

51 फीट ऊंचे हाईड्रोलिक रथ की सजावट भी शुरू आज शाम मनुहार यात्रा

इस्कान मंदिर निपानिया की भगवान जगन्नाथ रथयात्रा स्वामी महामनदास के निर्देशन में कल 19 जुलाई को दोपहर 1 बजे से अन्नपूर्णा मंदिर से निकाली जाएगी। इस यात्रा की तैयारियां अंतिम दौर में है। अन्नपूर्णा मंदिर पर 51फीट ऊँचे हाईड्रोलिक रथ की सजावट का काम भी शुरू हो चुका है।

श्रृंगार सामग्री एवं पोषाक वृंदावन से भी आई है। मनुहार यात्रा भी शाम को निकाली जा रही है। बाहर से भी कई संत और भक्त इन्दौर आकर कल की रथयात्रा में शामिल होंगे। रथयात्रा के दौरान यात्रा मार्ग की सफाई 8 स्वर्ण झाडुओं से होगी।

51 फीट ऊंचे रथ पर भगवान श्रीकृष्ण, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के विग्रह विराजित रहेंगे। कल शाम भी मनुहार यात्रा निकाली गई। संयोजक हरि अग्रवाल, किशोर गोयल, अशोक गोयल, भावेश दवे ने बताया कि 51 फीट ऊंचा रथ हाइड्रोलिक है और जहां तारों की अर्चन होगी वहां रथ को ऊपर नीचे किया जाएगा।

यह यात्रा अन्नपूर्णा मंदिर से नरेन्द्र तिवारी मार्ग, रणजीत हनुमान मंदिर, महू नाका चौराहा, छत्रीपुरा, बियाबानी, मालगंज चौराहा से मल्हारगंज, टोरी कार्नर, गोराकुंड, खजूरी बाजार, राजबाड़ा होते हुए गोपाल मंदिर तक ले जाएँगे। इस दौरान मार्ग में 50 से अधिक स्वागत मंच एवं तोरण द्वार लगाकर भगवान के रथ पर पुष्प वर्षा की जाएगी। कल शुक्रवार शाम इस्कॉन गुरुकुल के वेदपाठी पंडितों और अन्य भक्तों ने अन्नपूर्णा मंदिर से महूनाका चौराहा तक मनुहार यात्रा निकाली और हरेरामा हरेकृष्णा संकीर्तन करते हुए यात्रा मार्ग स्थित प्रतिष्ठानों और घरों को रथ यात्रा का न्योता दिया। आज शनिवार शाम 6 बजे महूनाका चौराहा से गोपाल मंदिर तक मनुहार यात्रा निकाली जाएगी।