मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026

ट्रेड लाइसेंस नहीं होने पर दो दुकानें सील

जैसे ही यह कार्रवाई हुई वैसे ही 52 व्यापारियों ने करवाया लाइसेंस का नवीनीकरण

नगर निगम के द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए लाइसेंस नहीं होने के कारण दो दुकान सील कर दी गई। निगम के द्वारा यह कार्रवाई करते ही क्षेत्र में 52 व्यापारियों के द्वारा अपने लाइसेंस का नवीनीकरण करने का आवेदन लगा दिया गया। नगर निगम के लाइसेंस विभाग द्वारा शहर में व्यापारिक प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंसों की जांच एवं नवीनीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के अंतर्गत जवाहर मार्ग एवं हाथी पाला क्षेत्र के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर उनके ट्रेड लाइसेंसों की जांच की गई। इस जांच के दौरान जिन व्यापारिक प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी थी, उन्हें तत्काल लाइसेंस का नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान कुल 52 ट्रेड लाइसेंसों का नवीनीकरण किया गया, जिससे नगर निगम को 90,285 रु. का राजस्व प्राप्त हुआ।

इस निरीक्षण के दौरान बुरहानी सिऩाजे एवं अल मरजान इंटरप्राइजेज नामक दो प्रतिष्ठान बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के संचालित पाए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नगर निगम की टीम ने दोनों दुकानों को तत्काल प्रभाव से सील करने की कार्रवाई की। निगम के द्वारा की गई इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया।

ध्यान रहे कि इन दिनों नगर निगम के द्वारा अलग-अलग बाजार में लाइसेंस नवीनीकरण करने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर लगाने के बावजूद व्यापारियों की ओर से निगम को अच्छा रिस्पांस नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में व्यापारियों तक नया लाइसेंस बनवाने या पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण करवाने का संदेश देने के लिए ही दो दुकानों पर सील करने की कार्रवाई की गई।

मात्र 24000 है लाइसेंस

निगम के अपर आयुक्त आकाश सिंह ने बताया कि शहर में कम से कम 2 लाख दुकानें चल रही हैं लेकिन नगर निगम से केवल 24000 दुकान संचालकों के द्वारा ही लाइसेंस बनवाए गए हैं। ऐसे में नगर निगम की कोशिश है कि हर दुकानदार कम से कम लाइसेंस बनवा ले। इसी मकसद से इस पूरे अभियान को चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में नगर निगम के द्वारा शहर के प्रमुख बाजारों में भी बिना लाइसेंस के कारोबार करने वालों की दुकान सील करने की कार्रवाई की जाएगी।