शिव मंदिर वाले उद्यान में होंगे सौंदर्यकरण कार्य
40 लाख की लागत से संवारने के काम
इस माह के अंत में गुरु पूर्णिमा के बाद शुरू होने वाले पवित्र सावन मास में शिव मंदिर वाले उद्यान में सौंदर्यकरण के कार्य शुरू होंगे। जिसके तहत वार्ड 72 के अंतर्गत आने वाली मून पैलेस कॉलोनी में शिव मंदिर वाले मुख्य गार्डन में लंबे समय के बाद क्षेत्र के रहवासियों की मांग पर निगम 40 लाख रुपए से ज्यादा खर्च कर सजाने और संवारने के कार्य शुरू करेगा। जिसके अंतर्गत निगम द्वारा मंदिर वाले से इस उद्यान में साज-सजावट के कार्यों के साथ लोगों के सुबह-शाम घूमने के लिए नया लंबा-चौडा नया वाकिंग ट्रेक भी बनाया जाएगा। साथ ही बगीचे में रोशनी के लिए आकर्षक डिजाइनर लाइटिंग लगाई जाएगी।
पार्क में नई बेंचों के साथ होगी शानदार बैठक व्यवस्था
लोगों के ढंग से बैठने के लिए नई आकर्षक डिजाइन वाली रंगीन बेंच भी लगाई जाएगी। सेहत बनाने के लिए जिम के आधुनिक उपकरण भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा बच्चों के मनोरंजन के लिए खेलकूद के सामान जिनमें झूले, फिसल पट्टी और चकरी भी लगाने की तैयारी है। इसके अलावा क्षेत्र के सीनियर सिटीजन महिलाओं और बच्चों के लिए पार्क के कुछ हिस्से में पहली बार छत वाले झूले भी लगाए जाएंगे ताकि बारिश में भी लोग आराम से झूला झूलने का आनंद ले पाएंगे।
योग केंद्र की भी मिलेगी सुविधा
इसके अलावा महापौर और क्षेत्रीय पार्षद की मंशा अनुसार यहां क्षेत्र के लोगों के लिए योग केंद्र भी बनाया जाएगा। जहां एक छत के नीचे व्यवस्थित बैठक व्यवस्था और योग के लिए बगीचे के बड़े हिस्से में एक शानदार योग केंद्र की सौगात भी रहवासियों को भविष्य में मिलेगी। जहां क्षेत्र के रहवासियों के साथ आसपास के अन्य कॉलोनी से जुड़े लोग भी यहां सुबह-शाम योग करने और सेहत बनाने आ सकेंगे।
