सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

पुराने जर्जर स्कूल भवन को ध्वस्त कर बनेगा नया भवन

राऊ विधानसभा के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 80 से जुड़े क्षेत्र में धनवंतरी नगर में स्थित सालों पुराने जर्जर स्कूल भवन संख्या 48 को तोड़कर पूरी तरह से ध्वस्तकर आने वाले दिनों में निगम द्वारा यहां लाखों रुपए खर्च कर बेहद जल्द नवीन विद्यालय भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। जिसको लेकर निगम शिक्षा प्रकोष्ठ द्वारा अपनी ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है।

जिसके अंतर्गत पहले चरण में सालों पुराने क्षेत्र के सरकारी जर्जर स्कूल भवन को जमीदोंज करने के बाद दूसरे चरण में निगम का शाला प्रकोष्ठ जल्द यहां निविदा प्रक्रिया के बाद क्षेत्र के जरूरतमंद निर्धन परिवार के बच्चों को बेहतर और स्मार्ट शिक्षा देने के लिए आधुनिक नवीन विद्यालय भवन का निर्माण करेगा। जहां बच्चे आधुनिक शिक्षा के अधिकार के अंतर्गत नई इमारत में स्मार्ट क्लासरूम में नई तकनीक के साथ पहले से आधुनिक बेहतर शिक्षा ग्रहण करेंगे।

इसके लिए क्षेत्रीय विधायक मधु वर्मा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्लानिंग के साथ यहां के लिए तैयारी शुरू कर दी है।

बड़ी बात यह है कि पुराने जर्जर स्कूल भवन को तोड़ने के बाद दूसरे चरण में निगम यहां भव्य इमारत का निर्माण शुरू करेगा जिसमें अगले शिक्षण सत्र से पहले बच्चों के लिए जी प्लस टू की नई आधुनिक सुविधाओं से लैस भव्य इमारत तैयार होगी। जहां बच्चे स्मार्ट क्लास रूम में प्रोजेक्टर और अन्य तकनीकी आधुनिक उपकरणों से शिक्षा प्राप्त करेंगे। साथ ही नए स्कूल भवन में कंप्यूटर लैब के साथ बच्चों के लिए अन्य अत्याधुनिक संसाधनों से भी शिक्षा दी जाएगी। जिसको लेकर शिक्षा प्रकोष्ठ द्वारा तैयारियां शुरू कर दी है।