लोकतंत्र सेनानी मीसाबंदियों के संघर्ष की यादें करेंगे ताजा
आपातकाल के 50 वर्ष के अवसर पर पांच दशक पहले के आपातकाल की यादें ताजा करने को लेकर इन्दौर में लोकतंत्र सेनानी जुटेंगे। उस समय के मीसाबंदियों के संघर्ष की यादें ताजा करेंगे। कार्यक्रम में सभी लोकतंत्र सेनानी, गौ सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सम्मान समारोह के साक्षी बनेंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष रामबाबू अग्रवाल ने बताया कि मीसाबंदियों का मिलन और सम्मान समारोह का आयोजन 19 जुलाई को खंडवा रोड स्थित अखंड परम धाम आश्रम में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों लोकतंत्र सेनानी एक मंच पर एकत्रित हों रहे है। कार्यक्रम में राज्यपाल थावरचंद गेहलोत, सुमित्रा महाजन, शंकर लालवानी, कृष्णमुरारी मोघे, वीएस कोकजे अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इनकी मौजूदगी में लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान होगा।
अग्रवाल ने बताया कि आपातकाल प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी जिसमें उस दौर की कठिन परिस्थितियों, तत्कालीन समाचार पत्रों की कतरनों और प्रमुख घटनाओं को दर्शाते हुए 100 से अधिक चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे।
यह प्रदर्शनी नई पीढ़ी को आपातकाल के उस संघर्ष से रूबरू कराएगी। आयोजन से रामबाबू अग्रवाल, सुभाष राणाडे, अनिल त्रिवेदी, सुभाष जैन, गणेश अग्रवाल, गिरीश शर्मा, आदित्य, गोपाल, सुभाष खंडेलवाल, राजेश अग्रवाल जुड़े है।
