युवक ने लगाई फांसी, दो महीने से मायके में थी पत्नी
इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के सांई सुमन नगर में रहने वाले 39 वर्षीय युवक विशाल पिता मनोहर चौहान ने रविवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह कदम उठाने से ठीक पहले विशाल ने अपने एक दोस्त को फोन कर कहा कि परिवार से कह देना मैं अब नहीं रहा।
दोस्त ने तुरंत इसकी सूचना विशाल के परिजनों को दी। परिजन जब तक कमरे में पहुँचे, विशाल फंदे पर झूल चुका था। उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विशाल एक निजी कंपनी में काम करता था और रविवार को छुट्टी होने के कारण घर पर अकेला था।
परिजनों के मुताबिक, विशाल अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ अलग रहता था, लेकिन पिछले दो महीनों से उसकी पत्नी एरोड्रम इलाके में स्थित अपने मायके गई हुई थी। संभवत: पत्नी के वापस न आने से उपजे तनाव के कारण विशाल ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। बाणगंगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
