महापौर से लेकर मुख्यमंत्री तक लगाई गुहार, अब उपभोक्ता फोरम जाने की तैयारी
स्कीम नंबर-71 क्षेत्र की रहवासी रश्मि जैन ने आरोप लगाया है कि उनके घर के सामने बिजली का नया पोल लगाने एवं सड़क खुदाई की समस्या का वर्षों से समाधान नहीं हो सका है। उनका कहना है कि पहले से लगे दो बिजली पोल के कारण कई बार फॉल्ट और करंट उतरने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद पुनः नया पोल लगाने की तैयारी की जा रही है। रश्मि जैन के अनुसार उन्होंने इस मामले में सीएम हेल्पलाइन, नगर निगम, मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, कलेक्टर, महापौर, विधायक से लेकर मुख्यमंत्री तक कई बार शिकायतें कीं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला।
उन्होंने अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर मनमानी करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी एवं इंदौर नगर निगम के विरुद्ध उपभोक्ता फोरम में वाद दायर कर मानसिक, आर्थिक एवं शारीरिक क्षति के लिए मुआवजे की मांग करेंगी।
