देशभर से शतरंज और हैंडबॉल खिलाड़ी इंदौर में पेश करेंगे चुनौती
इंदौर। देशभर के खिलाड़ी खेल मैदान में अपनी शारीरिक मजबूती के साथ ही दिमागी ताकत का भी परिचय देने इंदौर में जुटेंगे। प्रतिष्ठित ऑल इंडिया आइपीएससी शतरंज और हैंडबॉल स्पर्धा की मेजबानी एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल को सौंपी गई है। यहां छोटी टेबल से लेकर बड़े मैदान तक खिलाड़ियों में श्रेष्ठता की जंग होगी।
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्पर्धा 14 से 16 जुलाई तक खेली जाएगी। बालक वर्ग में होने वाली इस स्पर्धा में विभिन्न आयु वर्गों में मुकाबले होंगे। एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि स्पर्धा में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में मुकाबले खेले जाएंगे।
स्पर्धा का औपचारिक शुभारंभ मंगलवार को सुबह के सत्र में स्कूल के निदेशक मुक्तेश सिंह के आतिथ्य में होगा। स्पर्धा में मेजबान मध्य प्रदेश के अलावा दिल्ली, जयपुर, अजमेर, पटियाला, गंगटोक, देहरादून, हैदराबाद आदि शहरों से 18 से ज्यादा टीमें और 350 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। यह स्पर्धा देशभर में इसलिए महत्वपूर्ण मानी जाती है क्योंकि इसमें प्रदर्शन के आधार पर ही खिलाड़ियों का ऑल इंडिया आइपीएससी टीम में चयन होगा। स्कूल के खेल अधिकारी अकरम खान ने बताया कि इंदौर का खेलों की मेजबानी में देशभर में नाम है।
