कार ने बाइक को मारी टक्कर ठेकेदार की मौत
इंदौर। खजराना थाना क्षेत्र के मयूर अस्पताल के पास शनिवार शाम को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार ठेकेदार की मौत हो गई। अपने काम से घर लौट रहे युवक को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद राहगिरों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ से हालत बिगड़ने पर उन्हें एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। यहाँ उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा शनिवार शाम को घटित हुआ। मृतक की पहचान विश्राम पिता करतार सिंह (41) निवासी रविदास नगर, लसूड़िया के रूप में हुई है, जो पेशे से मकान निर्माण के ठेकेदार थे। घटना के समय विश्राम अपनी मोटरसाइकिल से काम निपटाकर लसूड़िया स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान मयूर अस्पताल के समीप एक अज्ञात तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि विश्राम सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए विश्राम को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल भिजवाया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एमवाय.अस्पताल रेफर कर दिया।
यहाँ सघन उपचार के बावजूद विश्राम को बचाया नहीं जा सका। विश्राम अपने परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चों के अलावा वृद्ध माता-पिता साथ रहते हैं, जबकि उनके दो अन्य भाई अलग रहते हैं। मृतक के पिता भी एक निजी संस्थान में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाली कार के नंबर का पता लगाकर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जा सके।
