सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

देवराज, आराध्य, अर्णव का उम्दा प्रदर्शन

इंदौर। देवराज सिंह, आराध्य अग्रवाल और अर्णव आनंद के प्रभावी प्रदर्शन से मेजबान एमरल्ड हाइट्स बी टीम ने एमरल्ड गोल्ड कप इंटर स्कूल फुटबॉल स्पर्धा में जोरदार जीत के साथ कदम आगे बढ़ाए। स्पर्धा के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले सोमवार को खेले जाएंगे।

स्पर्धा में शनिवार को दिन के पहले मुकाबले में एमरल्ड हाइट्स स्कूल (बी) टीम ने फाउंटेनहेड स्कूल को 3-0 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से देवराज सिंह, आराध्य अग्रवाल एवं अरनव आनंद ने एक-एक गोल किया। दूसरे मैच में मिलेनियम स्कूल ने चोइथराम नॉर्थ कैंपस को कांटे की टक्कर के बाद 3-2 से हराया। मिलेनियम स्कूल की ओर से मोहित मलिक ने दो तथा अरिंदम ने एक गोल किया। चोइथराम नॉर्थ कैंपस की ओर से समृद्ध एवं अरनव ने एक-एक गोल दागा।

एक अन्य मुकाबले में विद्यासागर स्कूल ने सिका स्कूल को आसानी से 5-0 से पराजित किया। विद्यासागर स्कूल की ओर से कनिष्क एवं काव्यराज ने दो-दो गोल किए। एक अन्य गोल सुभान ने दागा। अगले मैच में शिशुकुंज स्कूल झालरिया ने ऑरेंज स्कूल को 5-1 से हराया।

विजेता टीम के लिए अंश ने दो गोल किए। वहीं अनय, निवान, दक्ष ने एक-एक बार गेंद को जाली का रास्ता दिखया। लॉरेंस स्कूल की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए भवंस स्कूल को 6-0 से शिकस्त दी। लॉरेंस स्कूल की ओर से सईद अहमद एवं मेत्रीय ने दो-दो गोल दागे।

शुभम एवं रिशान ने एक-एक गोल किया। दिन के अंतिम लीग मुकाबले में चोइथराम स्कूल माणिकबाग टीम ने गोल्डन इंटरनेशनल स्कूल को 1-0 से पराजित किया। मैच का एकमात्र महत्वपूर्ण गोल शुभ ने किया।

कृषवी की हैट्रिक:

बालिकाओं की स्पर्धा में दिन का पहला मैच मेजबान एमरल्ड हाइट्स स्कूल और सेंट रेफियल्स स्कूल के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन गैरजरूरी जोखिम से बचते हुए आक्रामक रुख नहीं दिखाया। नतीजतन मुकाबला गोल रहित बराबरी पर समाप्त हुआ।

दूसरे मुकाबले में सत्यसाईं विद्या विहार की टीम ने सन्मति हायर सेकंडरी स्कूल को 4-0 से हराया। विजेता टीम की ओर से अर्शिता ने दो गोल दागे। बोधी एवं ओमिषा ने एक-एक गोल किया। दिन के तीसरे मैच में चोइथराम नॉर्थ कैंपस टीम ने शिशुकुंज सांवेर स्कूल को 4-0 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से कृषवी झा ने हैट्रिक बनाते हुए तीन गोल किए। वहीं आरना वलेचा ने एक गोल किया।