इंग्लैंड 2-1 से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में पहुंचा
नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड ने रोमांच से भरपूर मुकाबले में नॉर्वे को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा।
वहां जूड बेलिंघम ने अपना दूसरा गोल दागकर इंग्लैंड को यादगार जीत दिलाई। नॉर्वे ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाते हुए क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया। एरलिंग हालैंड 7 गोल दागकर सबसे असरदार स्ट्राइकर में से एक रहे। लेकिन आखिरकार इंग्लैंड का अनुभव और बड़े खिलाड़ियों का प्रदर्शन भारी पड़ गया।
नॉर्वे ने शुरुआती मिनटों में इंग्लैंड लगातार दबाव बनाया। इसका फायदा उसे 36वें मिनट में मिला, जब एंड्रियास शेल्डरुप ने शानदार फिनिश के साथ गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ में नॉर्वे का डिफेंस भी मजबूत नजर आया और उसने इंग्लैंड के कई हमलों को नाकाम कर दिया। हालांकि, पहले हाफ के अतिरिक्त समय में इंग्लैंड को बराबरी का मौका मिल गया। 452वें मिनट में जूड बेलिंघम को एंथनी गॉर्डन की ओर से पास मिला, जूड ने कोई गलती नहीं की और स्कोर 1-1 कर दिया।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने जीत का गोल करने के लिए लगातार कोशिश की। इंग्लैंड ने गेंद पर ज्यादा कब्जा रखा, जबकि नॉर्वे ने तेज काउंटर अटैक के जरिए मौके बनाए लेकिन विफल रहे। दोनों गोलकीपरों ने कई शानदार बचाव किए, जिसकी वजह से 90 मिनट तक कोई भी टीम बढ़त हासिल नहीं कर सकी।
इसके बाद मैच का फैसला एक्स्ट्रा टाइम में होना तय हुआ। एक्स्ट्रा टाइम में इंग्लैंड ने अपना अनुभव दिखाया। 93वें मिनट में जूड बेलिंघम ने एक बार फिर अपनी क्लास साबित करते हुए शानदार गोल दागा। यह गोल आखिरकार निर्णायक साबित हुआ।
मैच के आंकड़े भी इंग्लैंड के पक्ष में रहे। टीम ने कुल 14 शॉट लगाए, जिनमें 8 शॉट लक्ष्य पर रहे, जबकि नॉर्वे के 13 में से सिर्फ 5 शॉट ही टारगेट पर रहे। इंग्लैंड ने 53 प्रतिशत गेंद पर कब्जा बनाए रखा और 606 पास पूरे किए, जिसकी 91 प्रतिशत पासिंग सटीकता रही। नॉर्वे का सफर टूर्नामेंट में भले ही समाप्त हो गया है, लेकिन इस टीम ने अपने प्रदर्शन से फुटबॉल फैंस के दिल और दिमाग पर खास छाप छोड़ी है।
