बाइक सवार अज्ञात बदमाश बोला..7 दिन में केस वापस लो, वरना जान से खत्म कर दूंगा
इंदौर। एमआईजी थाना क्षेत्र में ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक युवती को मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाश द्वारा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने नाम लेकर युवती को 7 दिनों के भीतर अर्जुन पालीवाल के खिलाफ दर्ज सभी केस वापस लेने की चेतावनी दी है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 29 वर्षीय पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी भाभी विनती सोनी के साथ जुपिटर स्कूटी से एमआईजी स्थित पालीवाल चाट सेंटर आई थी। वहां से लौटते समय जैसे ही वे एलआईजी चौराहे के सिग्नल पर रुकीं, तभी पीछे से हेलमेट पहने एक अज्ञात मोटर साइकिल सवार आया।
बदमाश ने युवती का नाम लेकर कहा कि अर्जुन पालीवाल के खिलाफ चल रहे सारे केस 7 दिनों के अंदर वापस ले लो, नहीं तो अगली बार समझाने नहीं आऊंगा, सीधे आकर जान से खत्म कर दूंगा। धमकी देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। एमआईजी थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और चौराहे पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।
