काम करते वक्त गिरा कारीगर इलाज के दौरान तोड़ा दम
खजराना थाना क्षेत्र की पाकीजा कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान पर काम करने के दौरान अचानक ऊंचाई से गिरकर प्लास्टर कारीगर गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए बीती रात उन्होंने दम तोड़ दिया। खजराना पुलिस के अनुसार, मृतक शहादत पिता शरीफ (48) निवासी तंजीम नगर है।
शहादत पेशे से प्लास्टर और भवन निर्माण का काम करते थे। गत 6 सितंबर को वे खजराना स्थित पाकीजा कॉलोनी में एक मकान का प्लास्टर करने का काम कर रहे थे। काम के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने या पैर फिसलने के कारण वे ऊंचाई से सीधे नीचे जमीन पर आ गिरे, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और मकान मालिक ने तुरंत घायल शहादत को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहां पिछले चार दिनों से उनका उपचार जारी था, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और बीती रात इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर खजराना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
