सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

साउथ तोड़ा में विध्वंस की बड़ी कार्रवाई

सरकारी जमीन पर बने 47 मकान और गोदाम तोड़े

इंदौर नगर निगम की रिमूवल गैंग के द्वारा साउथ तोड़ा में विध्वंस की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। यहां पर सरकारी जमीन पर बने हुए 47 मकान और गोदाम तोड़े गए। यह कार्रवाई जिला प्रशासन की पहल पर की गई। प्रशासन का दावा है कि सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करके यह निर्माण किए गए थे।

कलेक्टर शिवम वर्मा के द्वारा दिए गए आदेश के पालन में राजस्व विभाग, नगर पालिक निगम इंदौर एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा आज रिमुवल की एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। साउथ तोड़ा, चंद्रभागा स्थित विद्या गौड़ मंदिर से दौलतगंज की ओर जाने वाले मार्ग के दोनों ओर स्थित शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। इस कार्रवाई को करने के लिए नगर निगम के अधिकारी रिमूवल टीम के साथ सुबह जल्दी ही मौके पर पहुंच गए थे।

इसके पहले कल नगर निगम के द्वारा इस क्षेत्र में अनाउंसमेंट करा कर यह जानकारी दे दी गई थी कि कल यहां पर तोड़फोड़ की जाएगी। अनाउंसमेंट करवाने से पहले निगम के द्वारा यहां पर नोटिस भी जारी कर दिए गए थे।

आज की गई कार्यवाही कस्बा इंदौर स्थित सर्वे नंबर 358, कुल रकबा 7.139 हेक्टेयर में से लगभग 0.400 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध की गई। इस कार्यवाही के दौरान उक्त भूमि पर निर्मित 45 दुकान व गोडाउन एवं 2 मकानों के रूप में किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कार्यवाही के दौरान राजस्व विभाग की टीम द्वारा भूमि की स्थिति एवं सीमाओं का परीक्षण किया गया तथा नगर निगम की टीम एवं पुलिस बल के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई संपादित की गई।

उक्त शासकीय भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 43 करोड़ आंका गया है। निगम के अधिकारियों के द्वारा बताया गया कि आज जिस स्थान से उक्त अवैध निर्माण हटाए गए हैं उसे स्थान पर नगर निगम के द्वारा आने वाले दिनों में सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह स्थान नाले के किनारे की तरफ का स्थान है।

इस स्थान पर यह अतिक्रमण पिछले कई सालों से किए हुए थे। पूर्व में भी निगम के द्वारा इन अतिक्रमण को हटाने की कोशिश की गई थी। उस समय पर निगम की कोशिश के बावजूद यह निर्माण नहीं हटाए जा सके थे।

जारी रहेगा अभियान

नगर निगम के द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए निर्माण को हटाने और नियम के विरुद्ध किए गए निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा। निगम के द्वारा आने वाले दिनों में इसी तरह की और बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।