सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

संभागायुक्त ने ली समीक्षा बैठक

संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने इंदौर संभाग के धार जिला कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की परिचयात्मक समीक्षा बैठक ली। उन्होंने विभागवार योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन को समय-सीमा में सेवाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, वनमण्डलाधिकारी विजयानंथम टी.आर. सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त लाक्षाकार ने बैठक में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा करते हुए अभियान के अंतर्गत किए गए निराकरण का संबंधित अधिकारियों के माध्यम से फॉलोअप लिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में निराकृत करने को कहा।