गणेश चतुर्थी महोत्सव की उलटी गिनती शुरू
10 दिवसीय गणेश चतुर्थी महोत्सव के लिए अब तैयारियों की उलटी गिनती शुरू हो गई है। शहर में अलग- अलग स्थानों पर कहीं बड़े रूप में तो कहीं गली मोहल्ले में छोटे रूप में गणेश प्रतिमाएं धूमधाम से लाकर स्थापना करने की तैयारी अब तेजी के साथ शुरू हो गई है। एक तरफ बड़े पंडालों के लिए मंच और सजावट के साथ स्वागत द्वार लगाने का काम शुरू हो गया है।
यही नहीं नंदानगर, बजरंगनगर, सिंधी कॉलोनी, मूसाखेड़ी, मालवा मिल क्षेत्र में कई जगह अभी से मंच लगाने स्वागत द्वार और सजावट करने का काम शुरू भी हो गया है। यही नहीं कई जगह मंच और स्वागत द्वार बनकर तैयार भी होने लगे है।
इसके अलावा बड़ी गणेश प्रतिमाओं के साथ छोटी मूर्तियां और प्रतिमाओं पर भी हाथ से सजाकर इन पर डेकोरेट करने का काम भी इन दिनों तेजी के साथ चल रहा है। शहर के अलग-अलग मूर्ति बनाने और बेचने के प्रमुख स्थानों पर मूर्तियों पर सजावट और डेकोरेशन का कार्य अंतिम दौर में चल रहा है। इसके अलावा बंगाली चौराहे के साथ खजराना क्षेत्र में बड़ी प्रतिमाओं को तैयार कर उन पर रंग भरकर मूर्ति और प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने का काम भी कलाकार तेजी के साथ कर रहे हैं।
छोटी आकर्षक गणेश प्रतिमाएं जिनमें मुख्य रूप से होलकर कालीन पगड़ी और साफे वाली आकर्षक छोटी 2 से 3 फीट की प्रतिमाएं बनकर तैयार भी हो गई है। बताते हैं कि छोटी प्रतिमाएं ज्यादातर बाहर से खासकर महाराष्ट्र के पुणे मुंबई से बनकर तैयार होकर आ रही है। यहां के स्थानीय कलाकार इन प्रतिमाओं में सजावट कर अंतिम रूप देने का कार्य कर रहे हैं।
