जैन समाज की सामूहिक क्षमावाणी कांच मंदिर पर कराने की जुगत
जैन समाज में चातुर्मास का आयोजन अलग- अलग स्थानों पर संतों की मौजूदगी में चल रहा है। श्वेताम्बर और दिगम्बर जैन समाजजन संतों के प्रवचन का धार्मिक लाभ ले रहे हैं। इधर अब पर्युषण पर्व की शुरूआत करीब है। श्वेताम्बर जैन समाज के पर्युषण पर्व 8 सितम्बर से शुरू हो रहे हैं, जो 15 सितम्बर तक चलेंगे और क्षमावाणी का दौर भी होगा।
श्वेताम्बर जैन समाज के पर्युषण के बाद दिगम्बर जैन समाज के पर्युषण पर्व शुरू होंगे। बताया जा रहा है कि एक राजनेता के माध्यम से श्वेताम्बर और दिगम्बर जैन समाज के बड़े समाजसेवियों के प्रयास शुरू हो रहे हैं कि इस बार दिगम्बर और श्वेताम्बर जैन समाज की क्षमावाणी बड़े रूप में एक साथ कांच मंदिर क्षेत्र में कराई जा सके, जिसमें दोनों समाज की एकता संगठित हो सके। सूत्रों का यह भी कहना है कि यहां तक बात हुई है कि एक बड़ा मंच सांझा किया जाए, जिस पर श्वेताम्बर और दिगम्बर जैन समाज के संत भी मंच से आशीर्वाद दे सकें।
अब देखना होगा कि यह सामूहिक क्षमावाणी होती है या प्रयास कर रहे राजनेता सफलता तक आयोजन को नहीं पहुंचा पाते हैं क्योंकि श्वेताम्बर जैन समाजजनों का कहना है कि पर्युषण पर्व समाप्त होने के बाद 9 दिनों तक क्षमावाणी के लिए रूकना संभव नहीं है वह बात अलग है कि क्षमावाणी के दौर श्वेताम्बर जैन समाज के हो जाए और उसके बाद दिगम्बर जैन समाज की क्षमावाणी में संयुक्त आयोजन किया जाए। इस आधार पर प्रयास भी किए जा रहे हैं।
