सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

वंदे मातरम् के सामूहिक गान को लेकर कांग्रेस से मांगा जवाब

आगामी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने जा रहे छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर सामाजिक संस्था पुरुषार्थ ने सवाल खड़े किए हैं। इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था के अध्यक्ष नानूराम कुमावत ने चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम गैर राजनीतिक आयोजन बताया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को पत्र लिखकर मांग की है कि अगर यह कार्यक्रम गैर राजनीतिक है तो इसमें पूर्ण वंदे मातरम् का सामूहिक गायन होगा कि नहीं, स्थिति स्पष्ट करें।

कुमावत ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि यह आयोजन वास्तव में छात्रों से जुड़ा एक गैर- राजनीतिक मंच है और इसका उद्देश्य केवल युवाओं की आवाज व समस्याओं को सामने लाना है, तो फिर राष्ट्रभावना और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक पूर्ण वंदे मातरम् के गान से परहेज क्यों किया जा रहा है? उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भों का हवाला देते हुए कहा कि वंदे मातरम् भारत के स्वतंत्रता संग्राम की मुख्य प्रेरणा रहा है। पूर्व में मुस्लिम लीग और मोहम्मद अली जिन्ना द्वारा इसके गायन पर आपत्ति दर्ज कराई गई थी।

ऐसे में यह सवाल खड़ा होता है कि क्या कांग्रेस भी उसी प्रकार की झिझक दिखा रही है? इंदौर से उठी इस मांग में स्पष्ट किया गया है कि छात्रों को राष्ट्रप्रेम और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ना सभी की जिम्मेदारी है। इसलिए 19 सितंबर के इस कार्यक्रम में पूर्ण वंदे मातरम् का सामूहिक गान होगा या नहीं, जीतू पटवारी को इस पर तुरंत अपना रुख साफ करना चाहिए।