कुक्षी नगर परिषद उपचुनाव, भाजपा ने रमेश मेंदोला और गोलू शुक्ला को सौंपी कमान
जिलाध्यक्ष चंचल पाटीदार हाशिए पर...
प्रतिनिधि नितिन राठौर)। धार जिले की हाईप्रोफाइल सीट मानी जाने वाली कुक्षी नगर परिषद के आगामी उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। संगठन ने चुनाव प्रबंधन को मजबूत करने के लिए इंदौर के कद्दावर नेताओं को मैदान में उतारा है।
पार्टी द्वारा जारी आदेश के तहत इंदौर के विधायक रमेश मेंदोला और गोलू शुक्ला को इस उपचुनाव का प्रभारी नियुक्त किया गया है। राजनीतिक हलकों में इस नियुक्ति के बाद से ही सुगबुगाहट तेज हो गई है। चर्चा है कि स्थानीय संगठन और धार ग्रामीण भाजपा जिलाध्यक्ष चंचल पाटीदार को इस पूरे चुनाव में पूरी तरह से किनारे कर दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, स्थानीय गुटबाजी को थामने और सीट पर हर हाल में जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश नेतृत्व ने सीधे इंदौर के इन रणनीतिकारों पर भरोसा जताया है,वही कुक्षी नगर परिषद उपचुनाव के लिए भाजपा की नई चुनावी बिसात ने स्थानीय नेताओं के समीकरण बिगाड़ दिए हैं। राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को धार ग्रामीण भाजपा जिलाध्यक्ष चंचल पाटीदार के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय निकाय के इस चुनाव में स्थानीय नेतृत्व को दरकिनार कर कमान सीधे इंदौर की मेंदोला टीम को सौंपना, जिले की आंतरिक गुटबाजी और चंचल पाटीदार की पकड़ पर सवाल खड़े कर रहा है।
चर्चा है कि शीर्ष नेतृत्व स्थानीय गुटबाजी के चलते कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता था। यह उपचुनाव कुक्षी नगर परिषद की अध्यक्ष रेलम चौहान के असमय निधन के कारण हो रहा है। उनके निधन के बाद से खाली पड़े अध्यक्ष पद और वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद पद के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी शंखनाद कर दिया है।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 29 सितंबर को मतदान होगा, जबकि मतों की गणना और परिणामों की घोषणा 3 अक्टूबर को की जाएगी। इंदौर के दिग्गज नेताओं की एंट्री के बाद अब कुक्षी का यह उपचुनाव बेहद दिलचस्प और प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है...
