70वीं राज्य स्तरीय शालेय शूटिंग प्रतियोगिता 7 से
इंदौर। राज्यस्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता 2026 अंतर्गत इंदौर में 7 से 11 सितंबर तक शूटिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी। शालेय खेल प्रतियोगिता के आयोजन के संबंध में आयोजक संयुक्त संचालक अनिता चौहान और हेमंत वर्मा सहायक संचालक खेल द्वारा खेल प्रतियोगिताओं के लिए बनाई गई विभिन्न समितियों - आवास, खेल स्थल, चिकित्सा, सुरक्षा,परिवहन आदि के लिए निर्मित समितियों की बैठक शासकीय मालव कन्या उमावि मोतीतबेला में आयोजित की जाकर व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश जारी किए।
संयुक्त संचालक अनिता चौहान ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 14,17,19 वर्ष के लगभग 700 प्रतिभागी और ऑफिशियल इसमें सहभागिता करेंगे जिनके रहने की व्यवस्था खेल स्थल एमरल्ड हाइट इंटरनेशनल स्कूल राऊ के समीप महू में मारवाड़ी धर्मशाला और गोपाल मंदिर धर्मशाला में ही गई है जिससे प्रतिभागियों को आवास से खेल स्थल तक पहुंचने में कोई असुविधा नहीं होगी। प्रतियोगिता में सहभागिता हेतु आने वाले प्रतिभागियों को इंदौर आगमन पर आवास स्थल तक और प्रतियोगिता दिन को आवास व्यवस्था से खेल स्थल तक आयोजक द्वारा उपलब्ध कराए गए परिवहन व्यवस्था की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
खिलाड़ियों के स्वास्थ्य हेतु चिकित्सा व्यवस्था भी मौसम अनुकूल और आवास स्थल और खेल स्थल पर की गई है। खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ 7 सितंबर को एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में होगा। अनिता चौहान द्वारा सभी समिति प्रभारी से उनके दायित्व के संबंध में निर्देश प्रदान कर आग्रह किया कि सभी अपने दायित्व का निर्वाह इंदौर के गौरव को बनाए रखने के लिए अच्छे से करे।
