सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

कांग्रेस की बैठक में तीन लोगों को ही मिला बोलने का मौका

कई नेता को था भरोसा, मिलेगा माइक लेकिन ऐसा नहीं हुआ

जिला कांग्रेस में भी तीन उद्बोधन

शुभकारज गार्डन में शहर कांग्रेस के जिम्मे कई बैठक के आयोजन हुए। मंच पर प्रदेश कांग्रेस के कई दिग्गज नेता बैठे रहे, मगर बोलने का मौका राहुल गांधी के करीबी के.बी. बैजू, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी और जीतू पटवारी को मिला। कई नेता बोलने का मौका ढूंढ रहे थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

बैठक में भाराछासं को छात्रों को जोडकर रजिस्ट्रेशन कराने की और युवक कांग्रेस को छात्रों को आने-जाने की सुविधा का ध्यान रखने की जिम्मेदारी दी गई। विधायकों को इन्दौर-उज्जैन सम्भाग के 15 जिलों को और विधानसभा उम्मीदवरोें को अपने-अपने जिलों की जिम्मेदारी पटवारी और चौधरी ने सौपी। पटवारी ने कहा कि विधायक और पार्षद के उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों से ज्यादा से ज्यादा छात्रों के रजिस्ट्रेशन करवाएगा वह आगे राजनीतिक लाभ पाएगा और उन्हें निगम चुनाव में पुरस्कृत भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में पंजा नहीं दिखेगा छात्रों की गूंज सुनाई देंगी। छात्रों के लिए आयोजन है। शोभा ओझा के अनुभव का लाभ युवतियां ले। राहुल गांधी के कार्यक्रम तक कोई धरना- प्रदर्शन ना करे केवल छात्रों की गूंज पर फोकस करे। वहीं प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा तक प्रदेश कांग्रेस से लेकर शहर-जिला सभी कोई दूसरे धरना, प्रदर्शन, आन्दोलन नहीं करे, केवल छात्रों के रजिस्ट्रेशन कराए। वहीं जीतू पटवारी ने नेहरू स्टेडियम नहीं होने पर दूसरी जमीन उपलब्ध कराने की बात भी कही थी।

कैलाश विजयवर्गीय के घर जाकर सज्जन वर्मा कराएंगे रजिस्ट्रेशन

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने सज्जनसिंह वर्मा को कहा कि वे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के निवास पहुंचे और वहां जो-जो छात्र और युवा हो उनके रजिस्ट्रेशन करवाए।

राहुल का आयोजन और गणेश चतुर्थी व पर्युषण पर्व पर शाम को आयोजन

इधर कल जैसे ही 12 सितम्बर की जगह 19 सितम्बर का कार्यक्रम तय हुआ वैसे ही कांग्रेसियों में चर्चा शुरू हो गई और सोशल मीडिया पर भी यह लिखा गया कि गणेश चतुर्थी का पर्व 14 सितम्बर से 10 दिनों तक चलेगा और इधर श्वेताम्बर और दिगम्बर जैन समाज के पर्युषण भी अलग-अलग चलेंगे। गणेशजी के आयोजन और जैन समाज में भी शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं इसलिए कई दिक्कतें आएगी।

टीम अश्विन जोशी भी पहुंची थी

कल पूर्व विधायक स्व. अश्विन जोशी की टीम भी शुभकारज गार्डन बैठक में पहुंची थी। कांग्रेसियों ने उससे कयास लगाए कि आने वाले विधानसभा चुनाव में अश्विन जोशी के बेटे या पत्नी की दावेदारी टिकिट के रूप में हो सकती है।

कांग्रेसियों को डीपी पर लगाना होगी छात्रों की गूंज

राहुल गांधी के करीबी केबी बैजू ने कल उद्बोधन में कहा कि कांग्रेसी सोशल मीडिया पर प्रचार करें और छात्रों व युवाओं को जोड़े उन्हें राहुल गांधी के मिशन छात्रों की गूंज के बारे में बताए और ज्यादा से ज्यादा रजिस्ट्रेशन कराए। जितने भी कांग्रेसी है वे डीपी पर छात्रों की गूंज का फोटो लगाए और सोशल मीडिया पर एक मात्र छात्रों की गूंज आयोजन का प्रचार-प्रसार करें।

शहर कांग्रेस चाहती है राहुल से 250 लोगों का प्रतिनिधि मंडल मिलाना

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से आग्रह किया कि वे राहुल गांधी के कार्यक्रम में शहर कांग्रेस के 250 प्रतिनिधि मंडल मिलाने की स्वीकृति कराए। राहुल गांधी के आयोजन की सारी व्यवस्था शहर और जिला कांग्रेस को करना है। यह भी कहा गया कि प्रदेश कांग्रेस जो-जो काम बताएगी वह शहर-जिला कांग्रेस करेगी।

उमंग सिंघार कराएंगे 5 हजार रजिस्ट्रेशन

छात्रों की गूंज में 50 हजार छात्रों का लक्ष्य रखा गया है, इसमें विधानसभा में नेताप्रतिपक्ष उमंग सिंघार को अकेले 5 हजार छात्रों के रजिस्ट्रेशन की जिम्मेदारी मिली है। जिला कांग्रेस की बैठक होटल सोलारिस में शाम 5 से 6.30 बजे तक चली उसमें भी प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और राहुल गांधी के करीब केबी बैजू ने उद्बोधन दिए। इन तीनों लोगों के आने के पहले विजयलक्ष्मी साधौ, अजयसिंह रघुवंशी और विधानसभा प्रभारियों ने उद्बोधन दिए थे बाकी किसी नेताओं को मौका नहीं मिला।

आज आएगा रजिस्ट्रेशन का क्यूआर कोड शहर कांग्रेस की हुई भीड़ के साथ बैठक

कल बैठक के दौरान शहर कांग्रेस की भी बैठक हुई थी, जिसमें बड़ी भीड़ कांग्रेसियों की जूटी थी उससे हरीश चौधरी, जीतू पटवारी और केबी बैजू भी खुश हुए थे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे मंच पर नहीं बैठे सामने दर्शक दीर्घा में बैठे। चिन्टू चौकसे ने बताया कि आज छात्रों की गूंज के लिए छात्रों के रजिस्ट्रेशन को लेकर क्यूआर कोड शहर कांग्रेस के पास पहुंचेगा और आज से ही कांग्रेस छात्रों का रजिस्ट्रेशन शुरू कर देगी।

चिन्टू चौकसे ने 50 हजार लक्ष्य के मुकाबले एक लाख रजिस्ट्रेशन करने का दावा किया है और कहा कि वरिष्ठ नेताओं से लेकर कार्यकर्ता तक इस लक्ष्य को पूरा करेंगे।