40 में से 39 टंकी के स्थान तय लेकिन काम शुरू नहीं
केंद्र सरकार की अमृत 2.0 योजना के तहत इंदौर शहर में पानी की 40 टंकी का निर्माण किया जाना है। इसमें से 39 टंकी के निर्माण का स्थान निश्चित हो गया है, लेकिन ठेकेदार द्वारा काम शुरू नहीं किया गया है। अभी केवल एक स्थान पर काम शुरू हो सका है।
इस स्थिति को देखकर नगर निगम आयुक्त द्वारा ठेकेदारों से जल्दी काम शुरू करने के लिए कहा गया है। शहर में पानी की ज्यादा समस्या का कारण टंकी नहीं होना ही है। जिन स्थानों पर टंकी नहीं है वहां पर सीधे सप्लाई के माध्यम से पानी दिया जाता है।
ऐसी स्थिति में पूरे शहर को टंकी से कवर करने के लिए नगर निगम द्वारा अमृत 2.0 में योजना बनाई गई। इस योजना के तहत पूरे शहर में 40 नई पानी की टंकी का निर्माण किया जाना है। इसमें से 39 टंकी के निर्माण के लिए स्थान का निर्धारण हो चुका है लेकिन फिर भी काम शुरू नहीं हो सका है।
यह सारी हकीकत कल उस समय सामने आई जब निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के द्वारा शहर की जलप्रदाय व्यवस्था के अंतर्गत किए जा रहे कामों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों से परियोजनावार प्रगति की जानकारी ली तथा सभी कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में पूर्णता एवं समय पर कमीशनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
